
फतेहाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी फतेहाबाद द्वारा आज देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमति इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई। इस अवसर पर फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, जिला अध्यक्ष अरविन्द शर्मा, मंगतराम लाल, शम्मी रत्ती, घनश्याम आनन्द, रामतीर्थ बैनीवाल, कोहर सिंह सिरढ़ान, हरपाल बैनीवाल, गुरदयाल बिश्नोई, रणधीर सिंह बोदीवाल, गुरसेवक सिंह पूर्व सरपंच, गुरदीप सिंह चहल, बलबीर सिंह रतिया, बलदेव सिंह रामगढिय़ा, पलविन्द्र चिम्मा, गुलशन सोनी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर दोनों महान नेताओं को भावांजलि दी। इस अवसर पर विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया व जिलाध्यक्ष अरविन्द शर्मा ने बताया कि ने कहा कि श्रीमति इंदिरा गांधी भारत की राजनीति की सबसे सशक्त और दूरदर्शी नेता थीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। इंदिरा जी ने हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया, चाहे वह गरीब हो, किसान हो या महिला। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरित क्रांति, बैंकों का राष्ट्रीयकरण और विज्ञान-तकनीक के क्षेत्र में बड़े कदम उठाए। उनका जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनका समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति सदैव याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीमति इंदिरा गांधी का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का देश की एकता में योगदान अमिट है, और दोनों महान नेताओं का जीवन हम सबको देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।